Advertisement Carousel

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम ने रचा – इतिहास, रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण


बिलासपुर, 21 फरवरी 2026।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। 18 से 21 फरवरी तक वाराणसी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे को 32-29 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।


रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला
फाइनल मैच में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांचक बना रहा। निर्णायक पलों में बेहतर रणनीति और मजबूत मानसिक संतुलन का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने 32-29 से जीत दर्ज की।
इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने उत्तर पूर्व रेलवे को 28-26 के करीबी अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।


लगातार चार कांस्य के बाद स्वर्णिम सफलता
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला टीम पिछले चार वर्षों से ऑल इंडिया स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही थी। टीम ने पिछले चार संस्करणों में लगातार चार कांस्य पदक जीते थे। इस वर्ष खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए स्वर्ण पदक जीतकर ‘चैंपियन’ का ताज हासिल किया।


प्रबंधन की दूरदर्शी सोच का परिणाम
रेलवे प्रबंधन द्वारा वर्ष 2021 से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए की गई नई नियुक्तियों, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और संसाधनों ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।


इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश, अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू, सेक्रसा के अध्यक्ष श्री मनीष अग्रवाल, महासचिव श्री हेमेन्द्र कुमार, संयुक्त महासचिव श्री समीर कान्त माथुर एवं संरक्षक अधिकारी श्री तन्मय महेश्वरी सहित समस्त पदाधिकारियों ने टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह उपलब्धि न केवल संगठन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि महिला खिलाड़ियों के सशक्तिकरण और खेल भावना के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण भी है।

error: Content is protected !!