महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, अंतर्राज्यीय गैंग के 7 आरोपी गिरफ्तार, भाजपा पार्षद की सुपारी किलिंग की साजिश बेनकाब


बिलासपुर, 23 फरवरी। शहर के चर्चित महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, करीब 2 किलो सोना-चांदी के आभूषण, हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने लूट के साथ-साथ भाजपा पार्षद की सुपारी किलिंग की भी साजिश रची थी।


एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि 17 फरवरी 2026 की रात महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर हमला कर करोड़ों रुपये की ज्वेलरी लूटी गई थी। आरोपियों ने पहले वाहन को टक्कर मारकर रोका, फिर पिस्टल की बट और हथौड़ी से मारपीट की। इसके बाद सोने के आभूषणों से भरा बैग, करीब 3.5 लाख रुपये नगद और कार लेकर फरार हो गए थे।


पुलिस जांच के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की भी योजना बनाई गई थी। हत्या के लिए राजू सोनकर नामक व्यक्ति ने 25 लाख रुपये की सुपारी दी थी। जांच में यह भी सामने आया कि शहर के पुराने बदमाश नारद श्रीवास की जेल में विनोद प्रजापति और विजय लांबा से मुलाकात हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद आपराधिक नेटवर्क के जरिए संपर्क स्थापित कर लूट और हत्या की साजिश रची गई।


पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 लाख 33 हजार रुपये नगद, करीब 2 किलो सोना, 6 धारदार चाकू, 1 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन, 1 मारुति ईको, 1 रेनॉल्ट क्विड और 1 महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं।


सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

error: Content is protected !!