Advertisement Carousel

कोयला लदे ट्रेलर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान


स्टेडियम रोड पर मची अफरा-तफरी, देर से पहुँची दमकल


कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी अंतर्गत अशोक वाटिका स्थित मुख्य स्टेडियम रोड पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोयला लदा एक ट्रेलर अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर स्टेडियम रोड से गुजर रहा था, तभी केबिन के पास से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी और उसमें लदे कोयले को अपनी चपेट में ले लिया। जलते हुए कोयले और तेज लपटों के कारण आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।


घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने में काफी विलंब हुआ। बाद में पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।


बताया जा रहा है कि ट्रेलर टी ट्रांसपोर्ट कंपनी का है, जिसका वाहन क्रमांक CG12 BJ 0643 है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

error: Content is protected !!