मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी।
छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 1.49 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को उत्तराखंड और गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। जांच में गिरोह के तार नेपाल तक जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
अंबागढ़ चौकी निवासी प्रार्थी कुनाल अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब रकम वापस नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 317(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
एसएसपी वाय.पी. सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण और आई4सी (Indian Cyber Crime Coordination Centre) पोर्टल की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम 5 अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई थी, जिसे बाद में चेक और एटीएम के माध्यम से निकाल लिया गया।
पुलिस टीम ने रुद्रपुर (उत्तराखंड), अहमदाबाद, राजकोट और सूरत (गुजरात) में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी काठमांडू (नेपाल) में बैठे मुख्य सरगनाओं के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी
मनोज कुमारजी (27 वर्ष), निवासी बेंगलुरु, कर्नाटक
सनातन मंडल (32 वर्ष), निवासी गदरपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड
योगेंद्र सिंह (25 वर्ष), निवासी दिनेशपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड
युसुफ संधवानी (21 वर्ष), निवासी राजकोट, गुजरात
राहुल गुप्ता (26 वर्ष), निवासी अहमदाबाद, गुजरात
गौतम भाई बागड़ा (20 वर्ष), निवासी सूरत, गुजरात
आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर अंबागढ़ चौकी लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब गिरोह के नेपाल कनेक्शन और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
लोग अनजान मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप ग्रुप या फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
