Advertisement Carousel

दो IAS अधिकारियों के खिलाफ सांसद विजय बघेल की विशेषाधिकार हनन की शिकायत


बिना टेंडर विकास कार्य कराने, जानकारी छिपाने और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का लगाया आरोप

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त डी.एस. राजपूत के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। सांसद ने दोनों अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने, फोन कॉल का जवाब नहीं देने तथा बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी किए विकास कार्य कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।


सांसद विजय बघेल ने बताया कि उन्होंने 18 मई को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे मामले की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ सहयोगात्मक रवैया नहीं अपनाया और जनहित से जुड़े मामलों में मांगी गई जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई।


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगमों में कई विकास कार्य बिना विधिवत टेंडर प्रक्रिया पूरी किए कराए गए तथा ठेकेदारों को भुगतान भी कर दिया गया। बाद में औपचारिक रूप से टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। इन मामलों में जानकारी मांगने के बावजूद अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।


सांसद के अनुसार लोकसभा सचिवालय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन से इस मामले में जवाब तलब किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक-दो घटनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे समय से अधिकारियों की कार्यशैली और जनप्रतिनिधियों के प्रति उनके रवैये से जुड़ा हुआ है। अब शासन और संबंधित अधिकारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!