ओडिशा से नागपुर ले जाई जा रही थी खेप, हैवी मशीनरी के बीच छिपाकर रखी गई थीं 7 बोरियां, पिता-पुत्र गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 191.525 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे, ट्रक और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में अंतर्राज्यीय तस्करी से जुड़े पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास नाकेबंदी कर पश्चिम बंगाल नंबर के 6 चक्का अशोक लीलैंड ट्रक को पकड़ा। ट्रक में भारी मशीनरी लोड थी, जिसके नीचे और बीच में 7 बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद लाल (36) और उसके पुत्र मोहम्मद रूस्तम (19) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर नागपुर पहुंचाने जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों और उनके नेटवर्क पर करीब एक माह से गोपनीय निगरानी रखी जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है।
