रायपुर / कुलतली , पश्चिम बंगाल
कुलतली विधानसभा क्षेत्र के मंडल में आयोजित विशेष बैठक उस समय जोश और उत्साह से भर उठी, जब छत्तीसगढ़ सरकार के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री बघेल ने स्पष्ट कहा कि “कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। यदि कार्यकर्ता मजबूत हैं तो संगठन अजेय है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को समझें और समाधान के लिए तत्पर रहें।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी खुलकर अपने विचार रखे। स्थानीय मुद्दों, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर सुझाव दिए गए। मंत्री बघेल ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित संवाद, प्रशिक्षण और समन्वय को और सशक्त किया जाएगा।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय सदस्य मौजूद रहे।
