Advertisement Carousel

दुर्ग विश्वविद्यालय की वेबसाइट तीसरी बार हैक, पाकिस्तानी हैकर ने डाली आपत्तिजनक पोस्ट


दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग विश्वविद्यालय) की वेबसाइट एक बार फिर साइबर हमले का शिकार हो गई। कथित तौर पर पाकिस्तानी हैकर ने वेबसाइट हैक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखे और “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे अपलोड कर दिए। यह घटना सामने आने के बाद छात्रों ने जब वेबसाइट खोली तो वे हैरान रह गए। देखते ही देखते इसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


पिछले तीन महीने में यह तीसरी बार है जब विश्वविद्यालय की वेबसाइट हैक हुई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से विश्वविद्यालय प्रबंधन की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि प्रवेश प्रक्रिया और परिणाम की पूरी जानकारी इसी वेबसाइट के माध्यम से जारी की जाती है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय की वेबसाइट की देखरेख एक निजी एजेंसी के पास है, लेकिन बार-बार वेबसाइट हैक होने की घटनाओं को यह एजेंसी रोकने में नाकाम साबित हो रही है। पहली बार वेबसाइट हैक होने के बाद प्रबंधन ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) से ऑडिट कराने की बात कही थी, लेकिन अभी तक ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा सके।
लगातार घटनाओं के बाद अब विश्वविद्यालय प्रबंधन किसी अन्य एजेंसी को हायर करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि बार-बार हो रही हैकिंग से छात्रों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।

error: Content is protected !!