पीएम मोदी की सादगी से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद कार्यशाला में सबसे पीछे बैठकर हुए सहभागी


नई दिल्ली/रायपुर। सांसदों की कार्यशाला के दौरान एक अनोखा और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सबसे पीछे की पंक्ति में जाकर बैठे और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ सहभागी बने। प्रधानमंत्री की इस सादगी और सहजता ने न केवल उपस्थित सांसदों को प्रभावित किया बल्कि पूरे देश के लिए यह संदेश दिया कि असली नेतृत्व का अर्थ पद की ऊँचाई नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा की भावना होती है।


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दृश्य को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल एक महान नेता हैं, बल्कि एक सच्चे कार्यकर्ता की तरह व्यवहार करते हैं। उनके लिए देश और समाज का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के सरगुजा और रायगढ़ के सांसदों की मौजूदगी महज संयोग नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री मोदी की छत्तीसगढ़ के प्रति आत्मीयता और उनके सर्वसमावेशी नेतृत्व का प्रमाण है।


भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय ने भी प्रधानमंत्री की इस सादगी को सभी जनप्रतिनिधियों के लिए अनुकरणीय बताया और कहा कि मोदी जी का जीवन स्वयं सेवा और समर्पण का उदाहरण है।

error: Content is protected !!