महासमुंद। बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 179 से वन्यजीव संरक्षण को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शिकार के इरादे से बिछाए गए करंट की चपेट में आने से एक नर भालू की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और मृत भालू को बरामद कर अवराडबरी वन डिपो लाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृत भालू की उम्र लगभग 12 वर्ष थी। जांच के दौरान उसका जबड़ा और दांत भी टूटा हुआ पाया गया है।
वन अमले ने घटना में संलिप्त आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि पूरे मामले का आज विस्तार से खुलासा किया जाएगा।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा और वन्यजीवों की सुरक्षा में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
