नवसृजन मंच ने किया “बिटिया जन्मोत्सव”, 151 बेटियों के माता-पिता का सम्मान


वृंदावन हॉल नन्ही किलकारियों से गूंजा, योजनाओं की जानकारी के लिए हेल्प डेस्क भी लगाया गया


रायपुर / प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था नवसृजन मंच द्वारा “बिटिया जन्मोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 10 दिन से लेकर 6 माह तक की 151 नन्ही बेटियों के माता-पिता को सम्मानित किया गया। पिछले 12 वर्षों से संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित किया जा रहा है और अब तक हजारों परिवारों को सम्मानित किया जा चुका है।


वृंदावन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्ही बच्चियों की किलकारियों से पूरा सभागार गुंजायमान रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी चंचल तिवारी, समाजसेवी नीतू सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि वर्णिका शर्मा ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर बेटियों का सम्मान और कन्या पूजन अत्यंत प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में नन्ही बच्चियों की उपस्थिति एक अद्भुत अनुभव है और ऐसे आयोजन हर शहर में होने चाहिए।


कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई, जिसमें 151 बेटियों की आरती उतारी गई और उन्हें माता स्वरूप मानकर चुनरी ओढ़ाई गई। मां दुर्गा का रूप धारण किए नन्ही बच्ची जसलीन कौर विशेष आकर्षण का केंद्र रही।


इस अवसर पर आहार विशेषज्ञ डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने माताओं को बच्चों के जन्म के बाद पोषण और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में सभी अभिभावकों को सम्मान पत्र प्रदान किए गए तथा बेबी किट (फ्रॉक, साबुन, पाउडर, खिलौने, मच्छरदानी आदि) वितरित किए गए।


महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे सुकन्या योजना, नोनी योजना और मातृत्व समृद्धि योजना की जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क भी लगाया गया। साथ ही पोस्ट ऑफिस द्वारा आधार कार्ड बनाने का शिविर भी आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का संचालन कांतिलाल जैन एवं डॉ. प्रीति सतपथी ने किया। अंत में कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें चना-पूड़ी और हलवा प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।


इस आयोजन ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सम्मान का संदेश देने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

error: Content is protected !!