रायपुर, 24 मार्च। आरंग विकासखंड के चंदखुरी ग्राम में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री व आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मानस मंडली और सुप्रसिद्ध कलाकार पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि महोत्सव महिला सशक्तिकरण को समर्पित है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी कर महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और राज्य सरकार उन्हीं आदर्शों के अनुरूप काम कर रही है। उन्होंने बताया कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन कर चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं नवा रायपुर में फिल्म सिटी, मेडि सिटी समेत कई बड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि महोत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा संचालित कई स्टॉल लगाए गए हैं, जो स्व-रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहे हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा मोना सेन, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
