Advertisement Carousel

फर्जी MBBS-BAMS डिग्री और पोस्ट ऑफिस नौकरी के नाम पर 2.34 करोड़ की ठगी, गिरोह की महिला सदस्य दिल्ली से गिरफ्तार


रायपुर। राजधानी रायपुर में फर्जी डिग्री और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। रायपुर पुलिस ने इस मामले में साक्षी सिंह (28) को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपिया गिरोह को फर्जी एमबीबीएस और बीएएमएस की डिग्री तैयार कर उपलब्ध कराने का काम करती थी।


यह पूरा मामला थाना सिविल लाइन में दर्ज अपराध क्रमांक 96/2026 से जुड़ा है, जिसमें आरोपियों ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने और फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा देकर कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी की थी।


पहले 4 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर और राकेश रात्रे को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनसे पूछताछ और मिले इनपुट के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह से जुड़ी साक्षी सिंह दिल्ली में रह रही है।


इसके बाद पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया, जहां से उसे पकड़कर रायपुर लाया गया।


डी.वाई. पाटिल यूनिवर्सिटी के नाम पर बनाती थी फर्जी डिग्री
पूछताछ में साक्षी सिंह ने पुलिस को बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पुणे की डी.वाई. पाटिल विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के नाम से फर्जी MBBS और BAMS डिग्रियां तैयार कर गिरोह को देती थी। इन डिग्रियों का इस्तेमाल लोगों को नौकरी और मेडिकल प्रोफेशन में अवसर दिलाने का झांसा देने के लिए किया जाता था।


मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनके जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क से जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद है।


पीड़ित की शिकायत पर खुला मामला
दरअसल 17 फरवरी 2026 को प्रार्थी संजय निराला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उन्हें और उनके रिश्तेदारों को पोस्ट ऑफिस में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने तथा फर्जी सर्टिफिकेट बनाने का झांसा देकर 2.34 करोड़ रुपये ले लिए, लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं दिलाई।


पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!