अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तरबूज के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 2.25 क्विंटल गांजा, 6 तस्कर गिरफ्तार


ओडिशा से चित्रकूट ले जाया जा रहा था 1.12 करोड़ का गांजा, पुलिस ने NH-53 पर नाकेबंदी कर पकड़ा


महासमुंद | 27 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट ले जाए जा रहे 2 क्विंटल 25 किलो गांजा के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।


पुलिस के मुताबिक तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजा को बेहद चालाकी से पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छुपाकर रखा था। लेकिन मुखबिर की सूचना के बाद की गई नाकेबंदी में उनकी पूरी साजिश नाकाम हो गई।


सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर की पिकअप (OD-15 V 4676) में गांजा लाया जा रहा है और उसकी पायलटिंग एक कार (UP-96 Q 3658) कर रही है। सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के रेहटीखोल में नाकेबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार और उसके पीछे आ रही पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप में ऊपर तरबूज भरे मिले, लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से जांच की तो तरबूज के नीचे 9 प्लास्टिक बोरियों में छुपाए गए 213 पैकेट गांजा बरामद हुआ।


पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 23 से 48 वर्ष के बीच बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्करों में 2 आरोपी मध्यप्रदेश और 4 आरोपी उत्तरप्रदेश के निवासी हैं।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, तस्करी में इस्तेमाल पिकअप और कार सहित 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह हो सकता है और मामले में आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!