Advertisement Carousel

सेंट्रल जेल में कैदी को वीआईपी सुविधा, जांच में खुली पोल, दो प्रहरी निलंबित


अंबिकापुर। सेंट्रल जेल अंबिकापुर में एक कैदी को नियमों के विपरीत विशेष सुविधाएं दिए जाने का मामला सामने आने के बाद जेल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायत मिलने पर जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने अचानक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं उजागर हुईं।


जानकारी के अनुसार, गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए एक कैदी को डॉक्टर के प्रमाण पत्र के आधार पर अस्पताल वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उसके परिजनों को अटेंडेंट बनाकर कैदी के साथ रहने की अनुमति दे दी गई।
आरोप है कि इस दौरान परिजन खुलेआम मोबाइल फोन, घर का खाना और मिनरल वाटर तक वार्ड में ले जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान जब जेल अधीक्षक पहुंचे तो अस्पताल वार्ड का ताला भी खुला मिला और कई नियमों का उल्लंघन सामने आया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए कैदी के परिजनों को दी गई सभी विशेष छूट तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया है।


इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

error: Content is protected !!