दुर्ग/भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र स्थित हथखोज इंजीनियरिंग पार्क में मंगलवार शाम एक केमिकल फैक्ट्री से गैस और धुएं का गुबार उठने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना थेथिस हाइड्रोकार्बन प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में हुई, जहां पिच ऑयल की पाइपलाइन लीक होने से केमिकल जमीन पर फैल गया और तेजी से भांप उठने लगी। धुएं और भांप के कारण आसपास मौजूद लोगों को सांस लेने में दिक्कत और खांसी की शिकायत होने लगी।
जानकारी के मुताबिक शाम करीब 4:30 बजे फैक्ट्री में इंक बनाने का काम चल रहा था, इसी दौरान गैस पाइपलाइन में अचानक ब्लास्ट जैसी स्थिति बन गई और केमिकल का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव के बाद फैक्ट्री परिसर में धुएं का गुबार उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को नहीं दी। आसमान में उठते धुएं के गुबार को देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कमांडेंट नागेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फैक्ट्री कर्मचारियों ने रिसाव के बाद केमिकल पर रेत डालकर उसे ढंक दिया, जिससे कुछ देर बाद धुआं निकलना बंद हो गया और स्थिति नियंत्रण में आई। मौके पर भिलाई-3 पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंच गई और पाइपलाइन लीक होने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी फैक्ट्री में पहले भी आगजनी की घटना हो चुकी है, जिस पर फायर ब्रिगेड ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। बार-बार हो रही घटनाओं को लेकर इलाके के लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन केमिकल रिसाव से कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन अब फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और पाइपलाइन लीक होने के कारणों की जांच कर रहा है।
