Advertisement Carousel

रायपुर में सक्रिय अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश, 7 महिलाएं समेत 8 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। राजधानी रायपुर में भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 7 महिलाओं और 1 पुरुष समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लग्जरी इनोवा कार में देशभर में घूम-घूमकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता था और भीड़भाड़ वाले बाजारों में लोगों को अपना शिकार बनाता था। आरोपियों ने रायपुर शहर में ही करीब एक दर्जन चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।


चंगोराभाठा बाजार की घटना से खुला मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब 8 अप्रैल 2026 को चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय निर्मला वर्मा के गले से अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चेन चोरी कर ली। इस संबंध में थाना डीडी नगर में अपराध दर्ज किया गया।


CCTV फुटेज से मिली सुराग
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने बाजार और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास दिखाई दीं और उनमें से एक महिला को चेन निकालते हुए भी देखा गया।


भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी एक चारपहिया वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर इनोवा वाहन को पकड़ लिया, जिसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे। पूछताछ में सभी ने चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।


कई राज्यों में वारदात
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता रहा है। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।


11.30 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
₹10,500 नगद
1 सोने की चेन
1 कटर
4 मोबाइल फोन
इनोवा कार (MP-09-BP-1064)
जप्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11.30 लाख रुपये बताई जा रही है।


इंदौर और जलगांव के रहने वाले आरोपी
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की गई सोने की चेन बेचकर मिले पैसों से ही आरोपियों ने इनोवा कार खरीदी थी।


पुलिस अब गिरोह के अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!