Advertisement Carousel

शराब घोटाला: अरुणपति त्रिपाठी और बी.आर. लोहिया के खिलाफ पूरक चालान पेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले से जुड़े मामले में CSMCL के तत्कालीन प्रबंध संचालक अरुणपति त्रिपाठी और मैनपावर एजेंसी संचालक बी.आर. लोहिया के खिलाफ पूरक चालान पेश किया गया है। मामले में शासकीय शराब दुकानों के कर्मचारियों के नाम पर पांच मैनपावर एजेंसियों को 182.98 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किए जाने का आरोप है।

आरोपों के मुताबिक, कर्मचारियों को ओवरटाइम, बोनस और चार अतिरिक्त दिनों की राशि दिए बिना फर्जी अभिलेखों के जरिए भुगतान प्राप्त किया गया। अरुणपति त्रिपाठी के कार्यकाल में 152.40 करोड़ रुपये के अतिरिक्त भुगतान और 28 से 32 करोड़ रुपये नकद कमीशन लेने का आरोप भी लगाया गया है।

जांच में ईगल हंटर और अलर्ट कमांडोज को 48 करोड़ रुपये से अधिक के अतिरिक्त भुगतान का मामला भी सामने आया है। चालान में आंगड़िया नेटवर्क के जरिए मुंबई और हैदराबाद नकदी भेजे जाने से जुड़े साक्ष्य शामिल किए गए हैं।

अरुणपति त्रिपाठी फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके हिस्से की बताई गई तीन करोड़ रुपये की कथित अवैध रकम जब्त की है। वहीं, फरार बी.आर. लोहिया के खिलाफ भी पूरक चालान पेश किया गया है। मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!