कोरबा।
जिले में रविवार रात अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-तूफान के बीच कुसमुंडा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार भरभराकर पड़ोसी के घर पर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर सो रहे पति-पत्नी और उनका बच्चा मलबे में दब गए। मोहल्ले के लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए तीनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार कुसमुंडा के प्रेम नगर कपाटमुड़ा रोड निवासी संतोष वर्मा अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। रविवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच तेज आंधी और बारिश के दौरान निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल में बनी दीवार अचानक गिरकर बगल में रहने वाले अजय धनवार के घर के ऊपर आ गिरी।

दीवार गिरने से अजय धनवार के मकान का छप्पर टूट गया और सैकड़ों ईंटें घर के अंदर गिर पड़ीं। उस समय अजय धनवार, उनकी पत्नी और एक बच्चा घर के अंदर सो रहे थे, जो मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए कोरबा अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
हादसे में घर के अंदर खड़ी स्कूटी, बर्तन, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद घर के भीतर ईंटों का मलबा अब भी पड़ा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आंधी-तूफान के कारण निर्माणाधीन दीवार कमजोर होकर गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।
