कवर्धा। पांडातराई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक रायपुर के बिरगांव निवासी थे और पंडरिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गड़ई गांव के पास हाफ नदी पुल के करीब उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
