Advertisement Carousel

अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, तीन चैन माउंटेन मशीनें और हाईवा जप्त


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग की केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने पैरी नदी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनें और एक हाईवा वाहन जप्त किया है।


जानकारी के अनुसार, 8 जून को औचक निरीक्षण के दौरान तहसील राजिम के ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी में मशीनों के जरिए नियमों के विरुद्ध रेत उत्खनन किया जा रहा था। जांच में अनियमितता पाए जाने पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों मशीनों को जप्त कर सील कर दिया गया। वहीं अवैध रेत परिवहन में लगे एक हाईवा वाहन को भी जप्त कर राजिम थाना में खड़ा कराया गया है।


खनिज विभाग ने खदान संचालक और मशीन मालिकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!