Advertisement Carousel

5 दोपहिया वाहन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, दो आरोपी व एक नाबालिग गिरफ्तार


अभनपुर और राखी क्षेत्र से चोरी की गईं बाइक-स्कूटी बरामद, दो लाख की संपत्ति जब्त


रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अभनपुर और राखी थाना क्षेत्र से चोरी किए गए पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।


पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत अभनपुर निवासी रोशन साहू की शिकायत से हुई। उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को शनिचरी बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत पर अभनपुर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में अभनपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने आकाश लहरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने साथी संदीप कुमार सिंह और एक नाबालिग के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने संदीप कुमार सिंह और विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ लिया।

पूछताछ में तीनों ने अभनपुर थाना क्षेत्र से चार और राखी थाना क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर तीन एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा और एक लियो मोटरसाइकिल बरामद की गई।


पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

error: Content is protected !!