रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 51.50 लाख नकद सहित सोने-चांदी के आभूषण और पूरा चोरी का माल बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में हुई करीब 70 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का घरेलू रसोइया ही निकला, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की और समता एक्सप्रेस से नागपुर भाग निकला। रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अशोका आइकन, मोवा निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल 26 जुलाई को परिवार के साथ नया रायपुर गए थे। घर में केवल रसोइया महेंद्र यादव मौजूद था, जिसे 14 जुलाई से काम पर रखा गया था। शाम को लौटने पर घर की अलमारी और लॉकर टूटे मिले तथा 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें महेंद्र यादव एक बैग के साथ घर से निकलता दिखाई दिया। तकनीकी जांच में पता चला कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन से समता एक्सप्रेस में सवार होकर नागपुर भागे हैं।
तत्काल आरपीएफ नागपुर से समन्वय स्थापित कर दोनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले से योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर नकदी और जेवरात समेटे तथा मोटरसाइकिल से निकलकर बाद में ट्रेन से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव, दस्तावेज सहित करीब 70 लाख रुपये का पूरा चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बांका जिले के निवासी महेंद्र यादव (22 वर्ष) और पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पंडरी थाना में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
