Advertisement Carousel

नेपाल आपदा में छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की जानकारी मिली, 2 लापता

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित, लौटने के लिए रवाना; मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी

रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में रहते हुए नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है। अब तक छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है। इनमें दो के परिजनों से संपर्क हो चुका है, जबकि रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। बिलासपुर और सुरगुजा से जुड़े दो नागरिकों के अब भी लापता होने की सूचना है।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूट गया था। प्रशासन के अनुसार अब उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

65 वर्षीय मंजू राय चौधरी की भी जानकारी मिली
बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन कर आवश्यक समन्वय कर रहा है।

प्रियंका और डॉ. मीना अब भी लापता
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। वहीं सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, के भी लापता होने की जानकारी है। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। दोनों की सुरक्षित तलाश के लिए संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित
माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

राज्य सरकार ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की हरसंभव मदद की जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि नेपाल गए किसी छत्तीसगढ़ निवासी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

हेल्पलाइन: टोल फ्री 1070 | कंट्रोल रूम 0771-2223471

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!