Advertisement Carousel

हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटीं महिलाएं, DRG जवानों को बांधी राखी

नारायणपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर नारायणपुर पुलिस के डीआरजी परिसर में भावुक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ी महिला माओवादियों ने पुलिस अधिकारियों और डीआरजी जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को नई संवेदना दी। आयोजन में शांति, विश्वास और भाईचारे का संदेश सामने आया।

आत्मसमर्पित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों को रक्षा-सूत्र बांधा। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अजय कुमार, ऐश्वर्य चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, अविनाश कंवर, मनोज मंडावी, आशीष नेताम, रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान और थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे को भी राखी बांधी गई।

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी महिलाओं के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार और आत्मसमर्पित महिलाओं के बीच आत्मीय संवाद हुआ।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम के साथ-साथ विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे लोगों को सम्मानजनक जीवन का अवसर देना जरूरी है। ऐसे आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

डीआरजी परिसर में मनाया गया यह रक्षाबंधन समारोह बदलते बस्तर की तस्वीर पेश करता नजर आया। बंदूक और हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटी महिलाओं द्वारा सुरक्षा बलों को राखी बांधना शांति, विश्वास और सकारात्मक बदलाव का संदेश बना।

error: Content is protected !!