Advertisement Carousel

लगातार दो साल राष्ट्रीय सम्मान की दौड़ में भोरमदेव शक्कर कारखाना, सहकारिता मंत्री ने दी बधाई


रायपुर। छत्तीसगढ़ के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने, कवर्धा ने सहकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कारखाने का चयन लगातार दो पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन के ‘हाइएस्ट शुगर रिकवरी एफिशिएंसी अवार्ड’ के लिए हुआ है।


इस उपलब्धि पर कारखाने के प्रबंध संचालक गौरी शंकर शर्मा ने सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात की। मंत्री ने कारखाना प्रबंधन, कर्मचारियों और गन्ना उत्पादक किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसानों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।


कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सहकारिता को किसान सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाया जा रहा है। सहकारी संस्थाओं में डिजिटलाइजेशन, पैक्स कम्प्यूटरीकरण, आधुनिक बैंकिंग और पारदर्शिता पर जोर दिया जा रहा है।


22 सितंबर को दिल्ली में सम्मान
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को दोनों पेराई सत्रों के लिए चयनित पुरस्कार 22 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल सहित सहकारी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।


मंत्री ने कहा कि भोरमदेव की उपलब्धि प्रदेश की अन्य सहकारी संस्थाओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!