Advertisement Carousel

रक्तदान महाकुंभ में महिलाओं की ऐतिहासिक भागीदारी, 1000 से अधिक ने किया रक्तदान

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ रिकॉर्ड, 3600 से अधिक महिलाओं ने कराया था पंजीयन

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को राजधानी के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर रक्तदाताओं, देहदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों और सेवा कार्यों में जुटे लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाकर उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकती है।

रक्तदान महाकुंभ में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। 3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था और 200 बेड की व्यवस्था की गई थी। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। गोल्डन बुक के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया। आयोजन में करीब 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था।

31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प

कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया। इनमें पद्मश्री और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। इसके साथ ही प्रोजेक्ट दधीचि के तहत अब तक देहदान का संकल्प लेने वालों की संख्या 103 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण है, जबकि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।

आयुर्वेद हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा की धरोहर

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त छत्तीसगढ़ के लिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर लगातार काम कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। प्रदेश में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं। रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरीय आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है, जबकि बिलासपुर में आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण भी जारी है।

पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी का भी कलेक्शन

सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान के साथ जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी एकत्रित करने की पहल भी की गई। आयोजन स्थल पर इसके लिए अलग-अलग कलेक्शन सेंटर बनाए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए आयोजकों व प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक एवं पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक प्रबोध मिंज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!