नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विशेष रूप से बस्तर के बदलते स्वरूप को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने स्मृति ईरानी को प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए सरकार प्राथमिकता के साथ काम कर रही है। क्षेत्र के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी आजीविका के साधनों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुलाकात के दौरान महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने और आदिवासी समुदायों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर समावेशी विकास को गति दी जा रही है।
