28 अक्टूबर को कोच्चि में होगा ऑक्शन, शानदार प्रदर्शन के दम पर दोनों खिलाड़ियों ने बनाई जगह
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला क्रिकेट के लिए गर्व की खबर है। प्रदेश की दो होनहार अंडर-19 महिला क्रिकेट खिलाड़ी पलक सिंह और श्रेया श्रीवास का चयन आगामी वूमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के ऑक्शन के लिए किया गया है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें 28 अक्टूबर को केरल के कोच्चि में होने वाले ऑक्शन पर टिकी रहेंगी।
दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। पलक सिंह ने पिछले वर्ष खेले गए आठ मैचों में पांच विकेट हासिल किए थे। उनकी गेंदबाजी की गति और क्षमता ने भी उन्हें खास पहचान दिलाई। वह पिछले वर्ष आयोजित WPL स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। पलक ने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर यह उपलब्धि हासिल की थी। उनकी तेज गेंदबाजी को महिला क्रिकेट में उनकी एक बड़ी ताकत माना जा रहा है।
वहीं, श्रेया श्रीवास ने भी पिछले वर्ष अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। उन्होंने कुल 17 विकेट हासिल कर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर श्रेया ने भी WPL ऑक्शन के लिए चयनित खिलाड़ियों की सूची में जगह बनाई है।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों का ऑक्शन के लिए चयन प्रदेश में महिला क्रिकेट की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है। यह उपलब्धि उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो क्रिकेट में आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
अब देखना होगा कि 28 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन में पलक सिंह और श्रेया श्रीवास पर कौन-सी फ्रेंचाइजी दांव लगाती है। यदि दोनों खिलाड़ियों को किसी टीम में जगह मिलती है, तो यह उनके करियर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की महिला क्रिकेट के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
