मनेन्द्रगढ़ / रेलवे डिवीज़न बिलासपुर के पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रकाश पटेल ने आचार संहिता के हटते ही चिरमिरी-नागपुर हॉल्ट न्यू रेल लाईन विस्तारीकरण परियोजना के लिये रेलवे बोर्ड एवं रेल मंत्रालय की ओर से भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही हेतु द०पू०मध्य रेलवे बिलासपुर के उप मुख्य अभियंता(निर्माण) प्रमोद कुमार शाह एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) यू०एस०यादव सहित टीम भेजे जाने पर क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के साझा वित्तीय मन्ज़ूरी वाली उपरोक्त रेल-विस्तारीकरण परियोजना को यथाशीघ्र प्रारम्भ करने 24 सितम्बर 2018 को केन्द्रीय रेल मंत्री व तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ०रमन सिंह द्वारा हरदी बाज़ार कोरबा एवं चिरमिरी रेलवे स्टेशन परिसर में विधिवत् शिलान्यास व शुभारम्भ कर दो वर्ष के भीतर इस परियोजना को पूर्ण कर लिये जाने की सार्वजनिक घोषणा की गई थी, किन्तु इस दौरान लगातार विधानसभा और लोकसभा के चुनावों के कारण आचार संहिता लग जाने से इस दिशा में कोई प्रगति नहीं होने सहित प्रदेश में दूसरे पार्टी की सरकार गठित हो जाने के सर्वत्र निराशा और हताशा का माहौल बन गया था,साथ ही आधा वित्तीय लागत स्वीकृत करने वाली सरकार बदल जाने से शंका के बादल छा गये थे और ऐसे में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित दिनांक 17-02-2019 को पत्र प्रेषित कर प्रधानमंत्री कार्यालय से हस्तक्षेप की माँग की गई थी, क्योंकि लम्बी अवधि बीत जाने पर भी मौके पर कोई तैयारी दिखाई नहीं देने से सरगुजा और शहडोल सम्भाग के आशान्वित व प्रतीक्षारत् लाखों नागरिक न केवल स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे, बल्कि उनमें घोर निराशा और असन्तोष व्याप्त रहा है ।
श्री पटेल ने रेलवे बोर्ड,रेल मंत्रालय सहित द०पू०मध्य रेलवे बिलासपुर ज़ोन के महाप्रबंधक सुनील सिंह सोईन एवं डीआरएम आर०राजगोपाल को आभार व धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा है कि अब भूमि-अधिग्रहण करने हेतु रेलवे की टीम आ जाने से क्षेत्रवासियों में उम्मीदें जाग गई हैं।

