बीजापुर / जिले के धुर नक्सल प्रभावित गांव गंगालूर के युवा सुरेश हेमला को भारतीय सॉफ्टबॉल टीम में शामिल कर लिया गया है। वे सितंबर में कुआलामंपुर में होने वाले एशिया कप में हिस्सा लेंगे।
बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के हेड कोच एवं श्रम निरीक्षक सोपान कर्नेवार ने बताया कि 7 जुलाई को हरियाणा के रोहतक में 17 साल के आयुवर्ग में पुरुष वर्ग की स्पर्धा आयोजित की गई थी। इसमें देश के 69 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ के तीन खिलाड़ियों को यहां भारतीय टीम के लिए चुना गया। भारतीय टीम मलेशिया के कुआलामंपुर में 8 से 12 सितंबर तक होने वाले पुरुष सॉफ्टबॉल एशिया कप में हिस्सा लेगी।
बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी की इस कामयाबी पर कलेक्टर केडी कुंजाम, जिला पंचायत के सीईओ डी. राहुल वेंकट एवं खेल प्रभारी उमेश पटेल ने हर्ष व्यक्त करते बधाई दी है। उन्होंने हेड कोच सोपान कर्नेवार एवं सहायक कोच पूजा साहू की भी तारीफ की है। कोच सोपान कर्नेवार और पूजा साहू की मेहनत रंग ला चुकी है। पिछले साल गंगालूर की ही बालिकाओं अरुणा पूनम व सुनीता हेमला ने भारतीय सॉफ्टबॉल टीम में शामिल हो फिलिपींस में हुए एशियन महिला चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था।
अब तक बीजापुर के 50 खिलाडियों ने सॉफ्टबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं।
