नई दिल्ली / दिल्ली पुलिस के द्वारका जिले के एंटी नारकोटिक्स सेल की पुलिस टीम ने ड्रग्स की बड़ी खेप का भंडाफोड़ किया है. टीम ने ड्रग्स सप्लाई में संलिप्त एक अफ्रीकन नागरिक को गिरफ्तार भी किया है जिसके कब्जे से 101 ग्राम अच्छी क्वालिटी की हेरोइन बरामद की है.
इस हेरोइन की अंतराराष्ट्रीय मार्केट में कीमत एक करोड़ आंकी गई है. गिरफ्तार अफ्रीकन नागरिक की पहचान आइवरी कॉस्ट, अफ्रीका के कस्सी फ्रांसिस के रूप में की गई है.
द्वारका जिला डीसीपी संतोष मीणा के मुताबिक पुलिस टीम और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम लगातार जिले में ड्रग्स सिंडिकेट और इससे जुड़े सप्लायरों की धरपकड़ करने में जुटी हुई है. वहीं टीम संदिग्धों पर भी बराबर नजर बनाए रखती है. इसी क्रम में पुलिस को एक अफ्रीकी नागरिक के हेरोइन की सप्लाई के लिए द्वारका सेक्टर- 15 मेट्रो के पिलर नम्बर 894B के पास आने की गुप्त सूचना मिली थी.
पुलिस ने उसके पास से तलाशी में सफेद कलर की पॉलिथीन में 101 ग्राम अच्छी क्वालिटी की हेरोइन बरामद की. जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है. हालांकि उसकी तलाशी से पहले पुलिस ने विदेशी होने के नाते उसके अधिकारों के बारे में बताया. जिसमें अगर वो चाहे तो किसी गजेटेड ऑफिसर या मजिस्ट्रेट के सामने उसकी तलाशी ली जा सकती है.
