बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 18 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए माओवादियों के पास से विस्फोटक सामग्री और प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़ा प्रचार प्रसार का सामान बरामद किया गया है।
गुंजेपर्ती जंगल से 10 माओवादी गिरफ्तार
थाना उसूर क्षेत्र के अंतर्गत कैम्प गुंजेपर्ती के जंगल में सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर 10 माओवादियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली प्रचार सामग्री बरामद हुई है। इस कार्रवाई में थाना उसूर, कोबरा 201, 204, 205, 206 और 210 की संयुक्त टीम शामिल रही।
राजपेंटा के जंगल से 7 माओवादी दबोचे गए
इसी तरह, थाना बासागुड़ा क्षेत्र के अंतर्गत राजपेंटा के जंगल में छिपे 7 माओवादियों को सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया। उनके पास से भी विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इस कार्रवाई को थाना बासागुड़ा और कोबरा 210 की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
डीआरजी व भैरमगढ़ पुलिस की भी सफलता
इसके अलावा, डीआरजी और थाना भैरमगढ़ की संयुक्त कार्रवाई में 1 अन्य माओवादी को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया।
