नई दिल्ली / दुनियाभर की छोटी से छोटी लोकेशन दिखाने वाले गूगल मैप्स ने अपनी उपलब्धियों में सोमवार को एक कदम और आगे बढ़ाया। अब आप गूगल मैप्स की मदद से पृथ्वी के अलावा अन्य ग्रहों और चंद्रमा का घर बैठे दर्शन कर सकते हैं।
गूगल मैप्स के जरिए शनि ग्रह के प्राकृतिक उपग्रह इंसेलेडस, डिओन, मिमास, रेआ के साथ ही बृहस्पति ग्रह के चंद्रमा यूरोपा और गनीमेड की यात्रा भी की जा सकती है। गूगल के एक अधिकारी ने फीचर की जानकारी देते हुए कहा, ‘अब गूगल मैप्स के जरिए आप अंतरिक्ष के तमाम खूबसूरत नज़ारों को देख सकते हैं।’ उन्होंने बताया कि हमने ‘प्लूटो’ ‘वीनस’ ग्रहों समेत अंतरिक्ष के 12 नए फीचर्स इसमें शामिल किए हैं, जिन्हें आप आसानी से मैप में लोकेट भी कर सकते हैं।
नए फीचर के लिए आपको गूगल मैप्स पर जाकर तब तक जूम-आउट करना होगा जब तक आपकी स्क्रीन पर स्पेस का व्यू न दिखने लग जाए। क्लिक करें और घर बैठे करें अंतरिक्ष की सैर।
गूगल मैप्स दुनिया में किसी भी जगह को खोजने के लिए सबसे आसान और शानदार जरिया है। दो जगहों के बीच की सही दूरी पता करने के लिए भी गूगल मैप्स का सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किया जाता है।
