रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक गतिविधियों व आगामी आयोजनों की तैयारियों को लेकर बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित कई वरिष्ठ नेता व विधायक शामिल हुए।
बैठकों में “संकल्प से सिद्धि : 11 साल बेमिसाल” अभियान, अहिल्याबाई होल्कर जयंती, 21 जून योग दिवस, 23 जून बलिदान दिवस, 25 जून आपातकाल की 50वीं बरसी, वृक्षारोपण अभियान और 29 जून को ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
आपातकाल की बरसी पर कांग्रेस को घेरेगी भाजपा
बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी पर कांग्रेस के ‘लोकतंत्र विरोधी’ निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। प्रेस वार्ताएं, गोष्ठियां और प्रदर्शन आयोजित होंगे। आपातकाल पीड़ितों का सम्मान भी किया जाएगा।
हर बूथ तक योग, बलिदान दिवस व पौधारोपण अभियान
- 21 जून को योग दिवस तीर्थ और ऐतिहासिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा।
- 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस प्रत्येक मतदान केंद्र तक आयोजित होगा।
- हर बूथ पर एक पौधा मां के नाम के साथ वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जो 15 अगस्त तक लगातार चलेगा।
विधायक दल की बैठक में सरकार की उपलब्धियों की समीक्षा
भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और जनहित कार्यों की समीक्षा की गई। सभी विधायकों को विभिन्न आयोजनों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी जानकारी
बैठक उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि सभी कार्यक्रमों को जनसहभागिता के साथ व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को भी घर-घर पहुँचाया जाएगा।