Advertisement Carousel

रायपुर में शिवभक्ति की गूंज — राजेश मूणत की अगुवाई में 3 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा


रायपुर, 1 अगस्त 2025 — श्रावण मास की पवित्रता में डूबे राजधानी रायपुर में 3 अगस्त को एक भव्य और ऐतिहासिक कावड़ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकलने वाली इस यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मूणत ने आज पत्रकारों को संबोधित करते हुए कावड़ यात्रा के आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की और सभी सनातन धर्म प्रेमियों से इस विशाल आयोजन में भाग लेने की अपील की।

“यह कोई राजनैतिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और सनातन संस्कृति की यात्रा है, जिसमें सभी दलों के शिवभक्तों का स्वागत है,”राजेश मूणत, विधायक, रायपुर पश्चिम।

हनुमान मंदिर से हटकेश्वर महादेव तक यात्रा

प्रातः 9:30 बजे गुढ़यारी हनुमान मंदिर से कावड़ यात्रा का शुभारंभ होगा, जो रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों — पड़ाव, खालबाड़ा, रामनगर, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, अमापारा, लाखेनगर होते हुए हटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। भक्त 7 पवित्र नदियों का जल लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे।

यात्रा मार्ग में 100 से अधिक स्वागत मंच, पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन, आतिशबाजी और सांस्कृतिक झांकियों की व्यवस्था की गई है।

सांस्कृतिक वैभव: देशभर की झलकियां

कावड़ यात्रा में विभिन्न प्रांतों से पहुंचे कलाकार धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • दिल्ली से महाकाल अघोरी दल और बड़ा नंदी
  • केरला के ट्रेडिशनल बैंड व फ्लावर गर्ल्स
  • कथक कली नृत्य
  • उत्तरप्रदेश से अघोरी नृत्य और मां काली की जीवंत झांकी
  • उज्जैन से महाकाल की सवारी डमरू-ढोल दल
  • उड़ीसा के संबलपुरी वेशभूषा में कलाकार
  • छत्तीसगढ़ के पंथी, राउत नाचा और आदिवासी नृत्य दल

साथ ही स्केटिंग से रंगोली बनाने वाले विश्वविख्यात कलाकार भी यात्रा का हिस्सा होंगे।

राज्य के प्रमुख नेता रहेंगे मौजूद

इस गैर-राजनीतिक धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सभी 7 विधानसभा के विधायक, अन्य दलों के नेता और अनेक संत-महात्मा शामिल होंगे।

महामृत्युंजय पूजन से होगा शुभारंभ

यात्रा के प्रारंभ में महामंडलेश्वर श्री कान्हा जी महाराज द्वारा 7 नदियों के जल से महामृत्युंजय पार्थिव शिवलिंग पूजन किया जाएगा, जिसमें समाज के प्रतिष्ठित नागरिक, जनप्रतिनिधि और आमजन भाग लेंगे।

सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

विधायक मूणत ने बताया कि प्रशासन को सभी जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। शांतिपूर्ण यात्रा के लिए पुलिस बल, वालंटियर्स और CCTV सहित समुचित प्रबंध रहेंगे। “यह आयोजन राजधानी रायपुर की धार्मिक गरिमा और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा,” उन्होंने कहा।


शिवभक्तों से अपील
राजेश मूणत ने राजधानी के समस्त सनातन धर्म प्रेमियों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस यात्रा में शामिल होकर भोलेनाथ का आशीर्वाद लें और इस ऐतिहासिक यात्रा को और भी भव्य बनाएं।


error: Content is protected !!