Advertisement Carousel

स्वयं को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताकर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार


घटना के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को दबोचा


एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना सिविल लाइन की संयुक्त कार्रवाई


रायपुर।
प्रार्थी चिंतामणि पण्डा, निवासी खमतराई द्वारा थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि पारिवारिक विवाद के कारण वह कुछ दिनों से अपनी पत्नी से अलग रह रहा है। दिनांक 15.12.2025 को दोपहर के समय लोधीपारा चौक के पास एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसे कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को मुख्यमंत्री का ओएसडी रवि मिश्रा बताते हुए पत्नी से आपसी सुलह करने का दबाव बनाया।


आरोपी ने धमकी दी कि यदि सुलह नहीं की गई तो पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन को बड़े-बड़े अधिकारियों तक पहुंचाकर शिकायत कराई जाएगी और सबक सिखाया जाएगा। उक्त रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 663/2025, धारा 319(2), 336(3), 340(2), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मामले की जांच प्रारंभ की गई। साइबर विंग टीम द्वारा संबंधित मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर मोबाइल धारक की पहचान अखिलेश सिंह, निवासी विशाल नगर, तेलीबांधा के रूप में की गई। तत्पश्चात टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अखिलेश सिंह ने स्वीकार किया कि प्रार्थी की पत्नी उसकी मुंहबोली बहन है और वह दोनों के बीच सुलह करवाने के उद्देश्य से स्वयं को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताकर धमकी दे रहा था।


पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


गिरफ्तार आरोपी का विवरण :
अखिलेश सिंह, पिता – स्व. दुधनाथ सिंह
उम्र – 49 वर्ष
निवासी – मकान नंबर ए-4, विशाल नगर, तेलीबांधा, रायपुर

error: Content is protected !!