दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित आर्य नगर में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उनके दो बच्चे घर में मृत अवस्था में पाए गए हैं।
मृतकों में एक लगभग 10 वर्षीय बालक और 13 वर्षीय बालिका शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल परिवार द्वारा इतना बड़ा कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
