Advertisement Carousel

मेडिकल कॉलेज में बाइक चोर को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल



सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़कर खुद दी सजा, पुलिस पहुंचने के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट

कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बाइक चोरी के आरोपी को पकड़ने के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक को खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई है।


जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा कामथेन कंपनी के पास है। रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल की बाइक अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी। रात करीब 11.45 बजे वाहन चालक उत्तम ने दो युवकों को बाइक धक्का देकर ले जाते देखा और इसकी सूचना सुरक्षा कर्मियों को दी।


सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने पीछा कर कोसाबाड़ी चौक के पास एक युवक विशाल सागर निवासी पंप हाउस को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय अस्पताल लाकर खंभे से बांध दिया गया और उसकी पिटाई की गई। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। हालांकि बाइक मालिक द्वारा दोपहर बाद शिकायत दर्ज कराने के बाद ही पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई पूरी की।


घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में तैनात सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी कानून हाथ में लेने से नहीं चूक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!