Advertisement Carousel

UP में रायपुर पुलिस टीम पर हमला, आरोपी के ‘चोर-चोर’ चिल्लाते ही भड़के ग्रामीण; एक सिपाही गंभीर घायल


रायपुर/कौशांबी। छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस की एक टीम पर उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हमला हो गया। गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवानों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


जानकारी के अनुसार रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले के आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी। टीम आकाश, शिवम और एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई कर रहे थे।


बताया जा रहा है कि एक आरोपी को पकड़ने के बाद दूसरे आरोपी की तलाश के दौरान आरोपी ने खुद को बचाने के लिए ‘चोर-चोर’ चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।


कौशांबी की अमिता सिंह ने बताया कि रायपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से एक आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन दूसरे आरोपी को पकड़ने के दौरान स्थानीय पुलिस को बिना जानकारी दिए कार्रवाई की गई। इसी दौरान गलतफहमी की स्थिति बनी और ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया।


घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हमले के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!