Advertisement Carousel

शौर्य चक्र से सम्मानित वीर जवानों से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा


रायपुर, 13 जून। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों “शौर्य चक्र” से सम्मानित पुलिस एवं सुरक्षा बल के वीर जवानों से शनिवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने जवानों को सम्मानित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना की। इस अवसर पर डीजीपी अरुण देव गौतम सहित जवानों के परिजन भी मौजूद रहे।


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि इन जवानों की वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


मुलाकात के दौरान श्री शर्मा ने शौर्य चक्र से सम्मानित इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख और 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू के साहसिक कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने जवानों के परिजनों से भी भेंट कर कहा कि देश सेवा के इस गौरवपूर्ण दायित्व में परिवारों का त्याग और सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है।


गौरतलब है कि इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को 16 अप्रैल 2024 को कांकेर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अद्वितीय नेतृत्व, साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय देने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। वहीं, 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू को भारत-म्यांमार सीमा पर घुसपैठ विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बहादुरी से मोर्चा संभालने और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यह सम्मान मिला है।


उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों के जवानों के सम्मान, कल्याण और उनके परिवारों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सम्मानित जवानों और उनके परिजनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस और बलिदान राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!