Advertisement Carousel

खाना देने में हुई देरी तो बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, शराब के नशे में डंडे से पीटकर की हत्या


दंतेवाड़ा के धुरली टिटेमपारा गांव की घटना, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार


दंतेवाड़ा। जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरली टिटेमपारा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने खाना देने में देरी होने पर अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


पुलिस के अनुसार धुरली टिटेमपारा निवासी बुधरी तेलाम (60 वर्ष) अपने घर में मौजूद थीं। इसी दौरान उनका बेटा सामु उर्फ श्याम तेलाम (32 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा और मां से खाना मांगा। खाना देने में थोड़ी देरी होने पर वह गुस्से से बेकाबू हो गया और घर में रखे बांस के डंडे से मां के सिर पर हमला कर दिया।


हमले में गंभीर रूप से घायल बुधरी तेलाम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन तथा निरीक्षक प्रदीप बिसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, शव का पोस्टमार्टम कराया और गवाहों के बयान दर्ज किए।


जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी सामु उर्फ श्याम तेलाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।


मामले में थाना भांसी में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!