Advertisement Carousel

राहुल गांधी की एंट्री से गरमाई सियासत, भाजपा बोली- जहां जाते हैं, कांग्रेस का होता है बंटाधार

रायपुर
विधानसभा चुनाव 2023 में मिली हार के बाद कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसोर्ट में 20 से 29 जून तक दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन और राजनीतिक रणनीति की ट्रेनिंग दी जाएगी।


कांग्रेस का दावा है कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी चुनावों की तैयारी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। शिविर में फील्ड विजिट, जनता से संवाद और स्थानीय मुद्दों पर कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि 21 जून को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिविर में शामिल होंगे। वे जिला अध्यक्षों से संवाद कर संगठन विस्तार और भविष्य की रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का “बंटाधार” हो जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है और लगातार चुनावी हार इसका प्रमाण है।


वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी राहुल गांधी के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले खुद चुनाव जीतने के टिप्स लेने चाहिए। जिनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है, उनसे मिलने वाले प्रशिक्षण का कितना असर होगा, यह देखने वाली बात होगी।


कांग्रेस जहां इस प्रशिक्षण शिविर को मिशन 2028 की नींव बता रही है, वहीं भाजपा राहुल गांधी के दौरे को लेकर लगातार हमलावर है। ऐसे में संगठनात्मक तैयारी के बीच प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी भी तेज हो गई है।

error: Content is protected !!