Advertisement Carousel

रायपुर की नंदनी ने रचा इतिहास, योगासन में जीते 14 स्वर्ण पदक



शासकीय स्कूल की छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना


रायपुर, 20 जून 2026।
रायपुर की बेटी कु. नंदनी निर्मलकर ने योगासन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण पदक अपने नाम कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शासकीय जे.आर. दानी विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा नंदनी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की है।


वर्ष 2021 से 2025-26 के बीच नंदनी ने खेलो इंडिया, योगासन भारत, एसजीएफआई, योगा ओलंपियाड और वेस्ट ज़ोन नेशनल योगासन प्रतियोगिता जैसे बड़े मंचों पर भाग लेते हुए लगातार स्वर्ण पदक जीते। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें जिले की उभरती हुई युवा प्रतिभाओं में शामिल कर दिया है।


नंदनी अपनी सफलता का श्रेय जिला प्रशासन, अपने योग गुरु डॉ. छगनलाल सोनवानी, योग प्रशिक्षक सूर्य कुमार और विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेष दिवान को देती हैं। उनका कहना है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नंदनी ने युवाओं को योग अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि योग केवल प्रतियोगिताएं जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को लेकर किए जा रहे प्रयासों से देशभर में जागरूकता बढ़ी है और हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन कुछ समय योग को देना चाहिए।


नंदनी का सपना भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और योग को ओलंपिक मंच तक पहुंचाने की दिशा में योगदान देना है। उनकी यह उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!