Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सामूहिक योगाभ्यास, बोले- योग को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा



12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कहा- स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है योग


रायपुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की सनातन ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संतुलित और शांतिपूर्ण जीवन का मार्ग दिखाया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला होता है।


उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” वर्तमान समय की जरूरत को दर्शाती है। बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग हर आयु वर्ग के लिए सबसे सरल और प्रभावी स्वास्थ्य सुरक्षा का माध्यम बनकर उभरा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज 21 जून को पूरी दुनिया उत्साह के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी योग की उपयोगिता को स्वीकार कर रहा है और इसे बेहतर स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण आधार के रूप में देख रहा है।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि योग के व्यापक विस्तार और संस्थागत विकास के लिए योग विषय को समाज कल्याण विभाग से चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे योग शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और जनजागरूकता गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।


मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं से योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में योग को बढ़ावा देने का उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य नहीं, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास भी है।


इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal, विधायक Prabodh Minj, Ramkumar Toppo सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!