Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में 1 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा, GST विभाग की बड़ी कार्रवाई


रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग की विशेष टीम ने पिछले एक सप्ताह से लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाकर बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों की गतिविधियों की जांच की।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और व्यापार कर रहे थे, लेकिन या तो नियमित रूप से जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में काफी कम टर्नओवर दर्शा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना और बेकरी कारोबारियों सहित कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की कर चोरी का पता चला है। जांच अभी जारी है और अंतिम आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


जांच के दौरान अधिकारियों को यह भी पता चला कि कई फैक्ट्रियां ऊंची चारदीवारी और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक थी और कर्मचारियों को कारोबारी गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कई वाहनों पर पहचान संबंधी जानकारी नहीं थी तथा कुछ मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल का परिवहन किया जा रहा था, जिससे कर चोरी और दस्तावेजी अनियमितताओं की आशंका और मजबूत हुई।


जीएसटी विभाग ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले कई दिनों तक गोपनीय निगरानी अभियान चलाया। अधिकारियों ने फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों और माल की आवाजाही पर नजर रखी। इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग, स्थानीय स्तर पर जानकारी संग्रह और गतिविधियों की निगरानी की गई। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई।


विभाग का कहना है कि जीएसटी कानून में हाल के वर्षों में किए गए संशोधनों के बाद कर चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में सख्ती बढ़ाई गई है। बार-बार कर चोरी करने या फर्जी दस्तावेजों के जरिए टैक्स बचाने वाले कारोबारियों के खिलाफ गैर-जमानती अपराध के प्रावधान भी लागू किए जा सकते हैं। ऐसे मामलों में जुर्माने के साथ जेल की सजा का भी प्रावधान है।


राज्य जीएसटी आयुक्त ने बताया कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में संचालित उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की शिकायतें मिलने के बाद विशेष जांच अभियान शुरू किया गया था। प्रारंभिक जांच में ही बड़ी कर चोरी सामने आई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि टैक्स चोरी, फर्जी बिलिंग और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई को कर चोरी के खिलाफ प्रदेश के बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कर वसूली, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!