Advertisement Carousel

दुर्ग में नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी फरार


दुर्ग। जिले के ग्राम कचान्दूर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से गुटखा निर्माण में उपयोग होने वाली मिक्सर मशीन, कटर मशीन समेत बड़ी मात्रा में कच्चा माल और अन्य सामग्री जब्त की गई है।


जानकारी के मुताबिक, करीब 20 दिनों से बंद पड़ी इस फैक्ट्री में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। परिसर में तैनात गार्ड द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच की, जिसके बाद अवैध कारोबार का खुलासा हुआ।


पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री में नकली गुटखा निर्माण से जुड़े उपकरण और सामग्री मिली। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही इस अवैध कारोबार का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।


प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यहां बड़े पैमाने पर नकली गुटखा तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया है और जब्त सामग्री की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस अब फरार आरोपी के साथ-साथ गुटखा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!