Advertisement Carousel

डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की घोषणा, 15 फीट ऊंची सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा भी होगी स्थापित

रायपुर, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को रायपुर स्थित डुमरतराई में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा तथा यहां उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनके नाम पर इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं। आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होने से आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होता है, निवेश बढ़ता है और रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। डुमरतराई का यह थोक बाजार रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ को भी प्राथमिकता दे रही है और व्यापार व निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गई थी, वह अब साकार हो गई है। इससे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह परियोजना गुणवत्ता, नवाचार और जनसेवा के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को नई दिशा देगी।

उल्लेखनीय है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है। पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!