Advertisement Carousel

पैसों के विवाद में युवक पर थर्माकोल कटर से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार



गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार, हत्या की नीयत से किया हमला

सक्ती। सक्ती शहर में पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वार्ड क्रमांक-1 निवासी कृष्णा सारथी ने अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा पर थर्माकोल पेपर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना 9 जुलाई की है। घायल अभय चौहान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती ले जाया गया, जहां से उसे जांजगीर और बाद में बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।


जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और बिलासपुर अस्पताल में घायल के मरणासन्न कथन के आधार पर आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में कृष्णा सारथी ने पैसों के विवाद के चलते गुस्से में हत्या की नीयत से हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा थर्माकोल पेपर कटर भी बरामद कर लिया गया।


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में थाना प्रभारी लखन लाल पटेल के नेतृत्व में की गई।

error: Content is protected !!