Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में AI से होगी पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी, हर महीने वीडियो सर्वे से होंगे गड्ढों और दरारों की पहचान


रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी ग्रामीण सड़कों के रखरखाव को तकनीक से जोड़ने का बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में पीएमजीएसवाई सड़कों का निरीक्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को AI आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली जल्द लागू करने के निर्देश दिए।


नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पीएमजीएसवाई सड़क का हर माह वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष AI ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जो सड़क पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति का विश्लेषण करेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि AI से प्राप्त डेटा के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देकर उनके संधारण और मरम्मत की कार्ययोजना बनाई जाएगी, जिससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शनिवार से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में AI आधारित निरीक्षण शुरू किया जाए। प्रारंभिक परिणामों के विश्लेषण के बाद इस व्यवस्था को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!